बिजली कटौती ने शहरवासियों को रुलाया
हल्द्वानी। शहरी क्षेत्र में ऊर्जा निगम के पेड़ों की कटाई-छटाई करने के दौरान तेरहबीघा व उजाला नगर क्षेत्र में बिजली की कटौती की गई। जिससे क्षेत्रवासियों को भीषण गर्मी के दौरान 6 घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी के दौरान की जा रही बिजली कटौती से लोगों में व्यवस्था के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है। उधर ग्रामीण क्षेत्र में फॉल्ट के चलते मुखानी बिजली फीडर में 6 घंटे बिजली सप्लाई बाधित रही। जिससे पीलीकोठी से लेकर आरके टैंट हाउस रोड तक करीब 5 हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी के सीजन में बिजली पोलों से लगे पेड़ों की कटाई-छटाई को अभियान शुरू किया है। जिससे 5 से 6 घंटे तक क्षेत्र में बिजली कटौती की जा रही है। गुरुवार को तेरहबीघा व उजाला नगर क्षेत्र में पेड़ों की कटाई-छटाई का काम किया गया। शहरी क्षेत्र के अधिशासी अभियंता बीएस बिष्ट ने बताया कि बिजली की आपूर्ति सुचारू रखने के लिए पेड़ों की कटाई-छटाई जरूरी है। जिसके लिए इन दिनों विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उधर शहर से लगे ग्रामीण फीडर मुखानी में दिन के 1 बजे अचानक बिजली पैनल की केबिल टर्मिनेशन किट डैमेज हो गई। जिससे मुखानी, पीलीकोठी व आरके टैंट हाउस क्षेत्र से लगी करीब 5 हजार से अधिक की आबादी ने बिजली संकट झेलना पड़ा। क्षेत्र में करीब 6.30 बजे बिजली की आपूर्ति सुचारू हो सकी। एसडीओ विद्याभूषण जोशी ने बताया कि फीडर में तकनीकी फॉल्ट के चलते बिजली की आपूर्ति बाधित रही जिसे शाम तक दुरुस्त कर लिया गया।
