अवैध शराब बिक्री के खिलाफ शिकायत
काशीपुर। वार्ड नंबर 10 में अवैध कच्ची शराब बिक्री का आरोप लगाकर सभासद मुकुंद शुक्ला ने कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने मामले में शराब तस्करों पर कार्रवाई की मांग की है। गुरुवार को वार्ड नंबर 10 के सभासद मुकुंद शुक्ला साथियों के साथ कोतवाली पहुंचे। सभासद ने एसआई बीजी गोस्वामी से मुलाकात की और शराब तस्करों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। सभासद ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में कई वर्षों से कच्ची शराब की बिक्री की जा रही है। शुक्ला ने पुलिस से कच्ची शराब की बिक्री करने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। एसआई भगवान गिरी गोस्वामी ने कहा कच्ची शराब को रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। कच्ची शराब पर अंकुश लगाने के लिए जल्द ही छापेमारी की जाएगी। यहां मनोज राजहंस, रोशन पटेल, अंकित कुमार आदि मौजूद रहे।
