विश्व स्वास्थ्य दिवस पर निकाली जागरूकता रैली
काशीपुर। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर नगर में जागरूकता रैली निकाली गई। आंगनबाड़ी केंद्रों व स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर अलग अलग कार्यक्रम आयोजित किये गये। गुरुवार को एसडीएम राकेश तिवारी की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी तहसील सभागार में एकजुट हुए। यहां आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम राकेश तिवारी ने किया। एसडीएम ने कहा उत्तम स्वास्थ्य इंसानी जीवन की सबसे महत्वपूर्ण चीज है। कहा कि स्वास्थ्य उत्तम होता है तो हर चीज सही होती है। इसके लिये सभी को अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिये। इसके बाद जागरूकता रैली निकाली गई। रैली नगर से होती हुई अस्पताल पहुंचकर समाप्त हुई। सीएचसी व सभी पीएचसी, आंगनबाड़ी केंद्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किये गये। मौके पर एसडीएम राकेश तिवारी, तहसीलदार राजेंद्र सनवाल, सीएमएस डॉ.पंकज माथुर, बीईओ हवलदार प्रसाद, अजीम प्रेम जी फाउंडेशन से विजय पांडेय आदि मौजूद रहे।
