बॉन्ड से किसानों का सरप्लस गन्ना खरीदें चीनी मिल
रुड़की। लक्सर, ज्वालापुर और लिब्बरहेड़ी गन्ना विकास समिति के पदाधिकारियों ने देहरादून में गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात की। उन्होंने जिले के गन्ना किसानों की समस्याएं बताई और चीनी मिलों को बॉन्ड के आधार पर गन्ना खरीद के आदेश देने की मांग की। मंत्री ने कार्यवाही का भरोसा दिया है।
लक्सर समिति के अध्यक्ष जितेंद्र नागर बबलू, ज्वालापुर समिति के अध्यक्ष वीरेश प्रताप और लिब्बरहेड़ी समिति की महिला अध्यक्ष के प्रतिनिधि सुशील राठी देहरादून में गन्ना मंत्री से मिले। उन्होंने हरिद्वार जनपद के गन्ना किसानों की समस्याओं पर मंत्री से चर्चा की। बताया कि जिले के एक लाख से अधिक किसान समितियों के मार्फत चीनी मिलों को गन्ना बेचते हैं। इनमें पचास फीसदी किसानों का बेसिक कोटा उनके खेत में खड़ी गन्ने की फसल से काफी कम है। लिहाजा मिल में पेराई सत्र समाप्त होने के बाद भी ऐसे किसानों का लाखों कुंतल गन्ना खेत में खड़ा रह जाता है।
उन्होंने पहले की तरह इस साल भी बॉन्ड से गन्ना खरीदने के आदेश चीनी मिलों को देने की मांग गन्ना मंत्री से की। बताया कि मंत्री ने उइस मामले में सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिया है।
