मानव तस्करी के बारे में जानकारी दी
कोटद्वार। रिखणीखाल विकासखंड के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कर्तिया में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की ओर से आयोजित कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को बढ़ते हुए अपराधों की रोकथाम, मानव तस्करी, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों आदि के बारे में जानकारी दी गई। यूनिट प्रभारी सुमनलता ने छात्राओं को बताया गया कि यदि उनके साथ कोई भी व्यक्ति अपमानजनक व्यवहार करता है या छेड़छाड़ करता है तो इस तरह की घटनाओं को कदापि नजरअंदाज न करें, इसकी सूचना तत्काल अपने परिजनों और पुलिस को दें। कहा कि वर्तमान में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति चिंता का विषय है कि नशा युवा पीढ़ी को लगातार अपनी गिरफ्त में ले रहा है। इससे समाज में कैंसर जैसी कई लाइलाज बीमारी भी तेजी से पैर पसार रही हैं। शराब, सिगरेट, तंबाकू, एवं ड्रग्स जैसे जहरीले पदार्थ के सेवन ने युवाओं को अपराध के रास्ते पर धकेलना शुरू कर दिया है। नशा अपराध की दुनिया की पहली सीढ़ी है, इसीलिए हमें अच्छे समाज की रचना के लिए नशे पर अंकुश लगाना होगा। इस दौरान उन्होंने बाल अपराध, महिला सुरक्षा, चाइल्ड हेल्प लाइन, बाल भिक्षा वृत्ति, साइबर क्राइम, नशा मुक्ति तथा उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न प्रकार के एप जैसे- गौरा शक्ति एप, देवभूमि एप, उत्तराखण्ड ट्रैफिक आई एप के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर समस्त विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
