हिमाचल बजट सत्र: राज्यपाल के अभिभाषण के बीच कांग्रेस विधायकों ने की नारेबाजी,

 

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सुबह 11 बजे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के अभिभाषण से शुरू हो गया है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि राज्य सरकार ने कोविड की विकट परिस्थितियों से निपटते हुए बेहतरीन कार्य किए हैं। राज्य में वेंटीलेटर, आईसीयू बेड और ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाया गया। सेवा और सिद्धि के चार साल समृद्धि के रहे।

हिमाचल ने प्राकृतिक खेती को अपनाया। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रदेश सरकार की कार्यशैली की सराहना की है। राज्यपाल के अभिभाषण के बीच कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट कर लिया। करीब 40 मिनट तक कांग्रेस विधायकों राज्यपाल का अभिभाषण सुना और फिर बीच में ही नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि माकपा विधायक राकेश सिंघा सदन में बैठे रहे। वह कांग्रेस विधायक दल के साथ बाहर नहीं गए।

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने वाकआउट पर कहा कि विपक्ष राज्यपाल का सम्मान करता है परंतु इस दस्तावेज में शामिल तथ्यों से हम सहमत नहीं हैं। इस कारण से विपक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण का विरोध कर वाकआउट किया है। किसानों, बागवानों और बेरोजगारों के लिए कुछ नहीं किया। लोगों के घरों में नल लगाए जा रहे हैं और नलों में जल नहीं आ रहा।

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद भाजपा और कांग्रेस विधायक दल अगले दिन की रणनीति बनाएंगे।मंत्री और विधायक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के चैंबर में चर्चा करेंगे। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक भी विपक्ष की लॉन्ज में बैठक करेंगे। आज प्रश्नकाल नहीं होगा। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद आज की कार्यवाही संपन्न हो जाएगी।

यह 13वीं विधानसभा का 14वां सत्र है, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 4 मार्च को अपने कार्यकाल का पांचवां बजट पेश करेंगे। चुनावी साल के चलते बजट सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं।

नारेबाजी के बीच बजट सत्र के पहले ही दिन विपक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन से बाहर का रास्ता देखा। अभिभाषण पर विपक्ष का आरोप है कि यह पूरी तरह से झूठ और फरेब का दस्तावेज है सरकार प्रदेश और विपक्ष सब को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। बजट सत्र की शुरुआत में ही एक बार फिर बैक डोर एंट्री का मामला फिर विधानसभा के बाहर घूमता नजर आया। सत्ता पक्ष पर आरोप लगाते हुए विपक्ष के नेता अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार अभी भी बैक डोर एंट्री करके भर्तियां कर रही है। इसके अलावा अग्निहोत्री ने कहा कि अभिभाषण में बेरोजगारी से निपटने की बात करने वाली सरकार उठ फैला रही है जबकि लाखों लोग बेरोजगार हैं और सड़कों पर उतर आए।

बहरहाल हंगामे के बीच बजट सत्र की शुरुआत हो चुकी है अब देखना दिलचस्प होगा कि 15 मार्च तक चलने वाले इस बजट सत्र में पक्ष और विपक्ष क्या दो पेज लगाते हैं। आपको बता दें कि इससे पूर्व ठीक 11 बजे 13वीं विधानसभा के 14वें सत्र की शुरूवात राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *