बिलिंग नाला और उदयपुर में गिरे हिमखंड, आवाजाही बाधित

 

कुल्लू। ताजा बर्फबारी के बाद लाहौल-स्पीति जिले में फिर से हिमखंड गिरना शुरू हो गए हैं। बुधवार को मनाली-लेह मार्ग स्थित बिलिंग नाला के पास हिमस्खलन हुआ है जिससे सड़क मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो गया है। वहीं उदयपुर के सामने पहाड़ी से भी हिमखंड गिरने से कुछ समय के लिए चिनाब नदी का बहाव रुक गया था लेकिन बाद में नदी के जलस्तर सामान्य हो गया। जानकारी के अनुसार उदयपुर के सामने वामतट की पहाड़ी से एवलांच गिरने से चिनाब नदी का प्रवाह करीब डेढ़ घंटे तक रुका रहा।

नदी का बहाव रुक जाने से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एवलांच सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास गिरा और दस बजे के बाद नदी का स्तर सामान्य रुप में आ गया था। ताजा बर्फबारी के चलते इन दिनों घाटी में जगह-जगह पहाड़ों से हिमखंड का लुढ़कना जारी है। ग्रामीण मोती लाल ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे उन्हें हिमखंड गिरने की आवाज सुनाई दी।

नायब तहसीलदार उदयपुर शांता कुमार ने बताया कि वह स्वयं मौके पर गए थे तो उस दौरान नदी का बहाव रुका हुआ था और अब सामान्य हो गया है। कहा कि ठंड के चलते सर्दी में पानी का बहाव भी कम रहता है। जिला प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम और बर्फबारी के बीच दूरदराज क्षेत्रों की ओर न जाएं। घाटी में ताजा बर्फबारी के चलते मनाली-केलांग सहित समूची घाटी की सड़कों में वाहनों के पहिए जाम हो गए हैं।

वहीं इस बर्फबारी ने सीमा सड़क संगठन के लेह मार्ग बहाली के प्रयासों पर पानी फेर दिया है। अब सीमा सड़क संगठन को फिर से बर्फ को हटाना होगा। बीआरओ कमांडर कर्नल शबरीश वाचली ने बिलिंग नाला के पास एक पुल पर पहाड़ी से गिरे हिमखंड को हटाने के लिए मशीनरी को लगा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *