मौसम हिमाचल: कुल्लू और लाहौल के ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी, अटल टनल से पर्यटकों की आवाजाही पर रोक

 

शिमला/कुल्लू। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच मंगलवार को रोहतांग दर्रा समेत लाहौल के ऊंचाई वाले कई भागों में बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहे। शिमला में मंगलवार को इस माह का सबसे अधिक 18 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 26 फरवरी तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। उधर, सैलानियों के लिए अटल टनल रोहतांग से आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। रोहतांग दर्रा के साथ कुंजुम दर्रा, बारालाचा में 15 सेंटीमीटर तक बर्फबारी दर्ज हुई है। प्रदेश में अभी भी 83 सड़कें बंद पड़ी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और बिजली गरजने का अलर्ट जारी किया गया है।

48 घंटों तक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ अधिक सक्रिय रहेगा। जम्मू-कश्मीर के साथ लगते जिलों में इसका प्रभाव ज्यादा होगा। चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मंडी, कुल्लू, मंडी, शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। अन्य क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। 28 फरवरी से मार्च के पहले सप्ताह में भी बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इस दौरान दोबारा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 27.6, कांगड़ा 23.5, सोलन 23.0, धर्मशाला 22.2, बिलासपुर 22.0, सुंदरनगर 21.7, चंबा 20.4, भुंतर 19.6, शिमला 18.1, कुफरी 11.2, डलहौजी 10.0, कल्पा 7.4 और केलांग में माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 7.0, कल्पा 1.0, कुफरी 2.3, सोलन 4.6, शिमला 6.0 और धर्मशाला में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *