सोलन: आनंद शर्मा बोले- इतिहास को बदलकर पेश कर रही भाजपा
बद्दी (सोलन) । पूर्व केंद्रीय वाणिज्य मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने भाजपा पर तीखे वार किए हैं। मंगलवार को दून के मंधाला और नालागढ़ के पंजेहरा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा इतिहास को बदलकर पेश कर रही है। लेकिन इतिहास के पन्नों में जो अंकित है, उसे नहीं बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार वर्तमान में अमृत उत्सव मना रही है। भाजपा 2014 से केंद्र की सत्ता में आई है। इससे पूर्व की सरकार ने देश के निर्माण के लिए जो भी किया, उसे नजरंदाज नहीं किया जाना चाहिए। वर्ष 2014 से पहले चंद्रयान चंद्रमा पर जा चुका था और मंगलयान भी रवाना हो चुका था। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान 140 करोड़ देशवासियों के लिए वैक्सीन एक दिन में तैयार नहीं हो गई है।
इसके लिए पहले सत्ता में रही सरकारों ने संस्थान और वैज्ञानिक तैयार किए थे। उन्होंने कहा कि 70 के दशक में भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन तैयार करने वाला देश बन चुका था। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कई बच्चे व महिलाएं अनाथ हो गए हैं। इन अनाथ परिवारों को सरकार की ओर से चार लाख रुपये मुआवजा राशि दी जानी चाहिए थी, लेकिन इन्हें महज पचास हजार रुपये दिए गए हैं। वर्तमान में जब लोग महामारी के चलते घर पर बैठ गए तो मनरेगा की दिहाड़ी बढ़ाने के लिए भी कांग्रेस ने कई बार सरकार से आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश व देश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। केंद्र सरकार ने प्रति वर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नहीं कर पाई है। आर्थिक मंदी के चलते युवाओं का भविष्य अंधकार में है। सरकार को चाहिए कि युवाओं को रोजगार देने लिए योजना बनाई जाए।
जनता अब बदलाव लाने के मूड में
आनंद शर्मा ने कहा कि जनता देश व प्रदेश में बदलाव लाने वाली है। बदलाव प्रकृति का नियम है। पहले वह मंत्री थे लेकिन अब नहीं रहे। जो अब हैं, वह कुछ माह बाद नहीं रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की नसीहत दी। इस मौके पर उन्होंने दून में 35 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं।
