पर्यटकों से गुलजार दिखी तीर्थनगरी
ऋषिकेश। उत्तराखंड में कोरोना के मामले घटने और नियमों में ढील मिलने के बाद वीकेंड पर रविवार को तीर्थनगरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है। वीकेंड पर रिवर राफ्टिंग लेकर पर्यटकों में खासा क्रेज दिखाई दिया। इस दौरान गंगा घाटी में सैकड़ों रंग-बिरंगी राफ्टें नजर आईं। वहीं, रामझूला, लक्ष्मणझूला पुल के साथ जानकी सेतु पर पर्यटकों की भीड़ रही।
वीकेंड पर रविवार पर तीर्थनगरी ऋषिकेश पर्यटकों से गुलजार दिखी। गंगा रंग-बिरंगी राफ्टों से अटी रही। इस दौरान पर्यटकों ने जमकर राफ्टिंग का लुत्फ उठाया। दिल्ली, हरियाणा और आसपास के शहरों के पयर्टकों की संख्या में इजाफा हुआ। इससे व्यापारियों और पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले नजर आए। वहीं, गंगाघाटी के कैंप, रिजॉर्ट और होटल भी पर्यटकों से पैक रहे। पर्यटन कारोबारी वैभव थपलियाल, सुभाष चौहान, पंकज अग्रवाल ने बताया कि आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। शिवानंद गेट से रामझूला पुल की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग पर पर्यटकों की चहल-पहल नजर आयी, जहां पखवाड़ाभर पहले कम रौनक थी। वहीं गंगा राफ्टिंग रोटेशन समिति अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने बताया कि कोविड नियमों में ढील के बाद पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
