जानमाल की रक्षा नहीं की गई तो करेंगे विस चुनावों का बहिष्कार
चमोली।
जोशीमठ ब्लॉक के भलागांव के कई परिवार भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं। गांव के नीचे लगातार भूकटाव बढ़ता जा रहा है व जगह-जगह गांव में दरारें बढ़ने लगी है। ग्राम प्रधान लक्ष्मण बुटोला की माने तो कई बार प्रशासन एवं चुने हुए जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई है लेकिन कुछ भी कार्यवाही अभी तक नहीं हो रही है। कहते हैं कि यदि जल्द लोगों के जानमाल की रक्षा नहीं की गई तो आने वाले विधानसभा चुनावों का बहिष्कार किया जायेगा।
ग्रामीणों के अनुसार अक्तूबर में हुई तीन दिनों की भीषण बारिश के बाद गांव के नीचे तेजी से कटाव बढ़ा है , जिसके बाद ग्रामीणों की सैकड़ों नाली उपजाउ भूमि, गांव के संपर्क मार्ग, लोगों के मकान, आंगन सभी में दरारें पड़ने लगी है। जिससे पूरा गांव खतरे की जद में आ गया है और लोग डर के साये में जी रहे हैं। ग्राम प्रधाान लक्ष्मण बुटोला कहते हैं कि बदरीनाथ विधानसभा के विधायक महेन्द्र भट्ट ,सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह, मंत्री धन सिंह से ग्रामीण गुहार लगा चुके हैं। सभी नेताओं के आश्वासन मिलने के बाद भी अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। जिस कारण से ग्रामीणों में आक्रोश है। गांव के हुकम सिंह का कहना है कि भलागांव की सुरक्षा के लिए सरकार को जल्द स्थाई समाधान निकालना होगा नहीं तो कभी भी बड़ी जन हानी हो सकती है। प्रधान लक्ष्मण सिंह कहते हैं कि ग्रामीणों द्वारा लगातार शासन और प्रशासन के सामने अपने गांव को बचाने या फिर गांव के विस्थापन की मांग की गई है। लेकिन प्रशासन को अब ग्रामीणों की परेशानियों से कोई लेना देना नहीं रह गया है। इसलिए ग्रामीणों ने तय किया है कि आगामी विधानसभा चुनावों का बहिष्कार किया जायेगा। कहते हैं कि यदि गांव में कटाव इसी तरह बढ़ता रहा तो मजबूरन ग्रामीणों को अपने गांवों को छोड़ना पडेगा। सरपंच हरीश भट्ट, ग्रामीण मुकेश रावत , हुकुम सिंह कहते हैं कि लगता है अब प्रशासन और शासन को ग्रामीणों की परेशानियों से कोई लेना देना नहीं रह गया है।
