नेता प्रतिपक्ष प्रीतम  ने किया समाल्टा खत के ग्रामीणों से संवाद

विकासनगर। कांग्रेस के जन संवाद अभियान के तहत नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने समाल्टा खत के ग्रामीणों से संवाद किया। समाल्टा स्थित चालदा महाराज मंदिर में पूजा के बाद उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों को भाजपा सरकार की असफलता की जानकारी दी। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उत्तराखंड में इस बार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। दस मार्च के बाद प्रदेश में एक ऐसी सरकार का गठन होगा, जो आम आदमी की समस्याओं की ओर ध्यान देगी। प्रदेश से माफिया राज को समाप्त करेगी। उन्होंने कहा कि पांच साल तक प्रदेश सरकार गांवों से नदारद रही। ग्रामीणों को इस बात का अहसास तक नहीं हुआ कि सरकार में उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई है। अब चुनाव के दौरान सरकार और उसके प्रतिनिधि गांवों का रुख कर ग्रामीणों को हितैषी होने का दावा कर रहे हैं। लेकिन ग्रामीण जनता भाजपा के असली चरित्र को पहचान चुकी है। सरकार ने गांवों में ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ाई हैं। कहा कि पांच साल तक चकराता विधानसभा के गांवों में स्वास्थ्य, शिक्षा, यातायात की सुविधाएं विकसित नहीं की गई। गांवों के अस्पतालों में तैनात चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को सरकार ने शहरी अस्पतालों में संबद्ध कर दिया, जिससे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा से वंचित हो गए। ग्रामीण संपर्क मार्गों पर यात्री बसों का संचालन नहीं किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र के जर्जर विद्यालयों भवनों की मरम्मत तक नहीं की गई। उन्होंने बताया कि अधिकांश ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण विधायक निधि से करना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *