युवाओं के लिए बनेगा खेल मैदान: गुरुमेल राठौड़

विकासनगर। चुनाव नजदीक आते ही अब प्रत्याशी जनता से बड़े वादे करने के साथ ही विपक्षियों पर निष्क्रिय रहने का आरोप भी लगा रहे हैं। सोमवार को आम आदमी पार्टी के बागी प्रत्याशी गुरुमेल सिंह ने हरिपुर, बांसवाला, फतेहपुर ग्रांट में जनसंपर्क कर युवाओं से खेल मैदान बनाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि बीस साल में विकासनगर विधानसभा की जनता ने तीन चेहरों को अपना जन प्रतिनिधि चुना है। लेकिन कोई भी युवाओं के लिए एक स्तरीय खेल मैदान का निर्माण नहीं करा सका। इससे साफ जाहिर होता है कि जन प्रतिनिधियों के पास युवा ऊर्जा के सदुपयोग के लिए कोई स्पष्ट नीति ही नहीं रही। इसका खामियाजा क्षेत्र के युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। स्कूल, कॉलेज की क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बावजूद युवा खेल की दुनिया में अपना भविष्य नहीं संवार पाए। उन्होंने कहा कि इस बार उनके विधायक बनते ही विकासनगर विधानसभा आधुनिक संसाधनों से युक्त खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा। इस दौरान शक्ति सिंह चौहान, शीला राठौड़, हेमा, दयाराम सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *