तामेश्वर आर्य की पार्टी छोड़ने की धमकी

पौड़ी। शनिवार देर रात जारी कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची के बाद कई सीटों पर दावेदार सहमे हुए हैं। यमकेश्वर सीट पर पार्टी ने शैलेंद्र रावत को टिकट दिया है। शैलेंद्र पिछला चुनाव भी पार्टी के टिकट पर लडे़ थे। हालांकि इस सीट से द्वारीखाल के ब्लाक प्रमुख महेंद्र राणा ने भी तैयारियां की थी। बीजेपी ने हालांकि इस सीट पर अपना चेहरा बदला है। बीते चुनावों में दूसरे नंबर पर रही रेनू बिष्ट पर बीजेपी ने दाव खेल दिया तो कांग्रेस ने चेहरा नहीं बदला। पौड़ी आरक्षित सीट पर भी कांग्रेस ने पुराना चेहरा ही मैदान में उतारा। नवल किशोर को पार्टी ने यहां से दुबारा टिकट दिया है। नवल के टिकट मिलने पर इस सीट से कांग्रेस दावेदार तामेश्वर आर्य, विनोद दनोसी आदि भी सहमे हुए है। तामेश्वर आर्य ने तो अपने सोशल मीडिया पर सुबह ही टिकट बंटवारे को लेकर तंज कसा। आर्य ने कहा कि उन्हें अफसोस है। उन्होंने लंबे समय से पार्टी की सेवा की लेकिन पार्टी से उन्हें कुछ मिला नहीं है। तामेश्वर आर्य ने पार्टी छोड़ने की भी धमकी देते हुए चुनाव लड़ने की भी बात लिखी है। हालांकि तामेश्वर आर्य का अभी कोई इस्तीफा सामने नहीं आया है। वहीं इसी सीट से दावेदार विनोद दनोसी का कहना है कि पार्टी हाईकमान ने फैसला ले लिया लेकिन सही फैसला जनता को करना है। क्योंकि नेता को जनता ही चुनती है। दनोसी ने कहा है कि वह भी अपने समर्थकों के साथ बातचीत कर भविष्य का फैसला लेंगे। क्योंकि वह पिछले चार सालों से मेहनत कर तैयारियां कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *