पूरे प्रदेश में 14 जनवरी को ऑटो-विक्रम नहीं चलेंगे

ऋषिकेश। उत्तराखंड विक्रम, ऑटो महासंघ ने नए परमिट के विरोध मे 14 जनवरी को पूरे प्रदेश में सवारी वाहन ऑटो और विक्रम का संचालन ठप करने का ऐलान किया है। यही नहीं नए परमिट के बाबत 15 जनवरी को राज्य संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की दून में प्रस्तावित बैठक में विरोध दर्ज कराएंगे।

शनिवार को हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकारवार्ता में उत्तराखंड विक्रम और ऑटो महासंघ के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने बताया कि महासंघ सीएनजी, एलपीजी और डीजल तिपहिया वाहनों के नए परमिट का पुरजोर विरोध करेगा। बताया कि पहले से ही राज्य के मुख्य शहरों में अंधाधुंध ऑटो और विक्रम संचालित हो रहे हैं। पार्किंग नियत नहीं होने और सड़कों का चौड़ीकरण नहीं होने से वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लगता है। ऐसे में प्रदूषण मुक्त तिपहिया वाहनों के नए परमिट जारी होने से ट्रैफिक व्यवस्था बेकाबू हो जाएगी। पुराने तिपहिया वाहनों के मालिक और चालक भी बेरोजगार हो जाएंगे। लिहाजा महासंघ ने नए परमिट के विरोध में 14 जनवरी को ऑटो और विक्रम वाहनों का चक्काजाम ठप रखने और 15 जनवरी को आरटीए बैठक में नए परमिट पर विरोध दर्ज कराने का फैसला लिया है। इसके लिए पूरे प्रदेश से ऑटो, विक्रम यूनियन के पदाधिकारी देहरादून कूच करेंगे। इसके बाद भी नए परमिट जारी होने पर महासंघ के सदस्य आत्मदाह जैसे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *