एसडीएम और सीओ को घेरकर किया हंगामा
रुड़की। लक्सर में हाईवे पर चीनी मिल की मैली गिरने से एक घंटे के भीतर बीस से अधिक दोपहिया वाहन फिसलकर गिर पड़े। इससे नाराज लोगों ने एसडीएम और सीओ का काफिला घेरकर हंगामा किया। बाद में मिल तथा नगर पालिका के कर्मचारियों ने सड़क को साफ सुथरा कर मामला शांत किया। लक्सर चीनी मिल से किसान ट्रालियों में मैली (प्रेसमड) ले जाते हैं। अक्सर मैली सड़क पर गिरने से फिसलन होती है। इससे दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। बुधवार को भी लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर मिल गेट के सामने काफी मात्रा में मैली गिरने से फिसलन हो गई। इससे वहां एक घंटे के भीतर बीस से अधिक बाइक सवार फिसलकर चोटिल हो गए। इस दौरान एसडीएम वैभव गुप्ता तथा सीओ की गाड़ी वहां से गुजर रही थी। लोगों ने दोनों अधिकारियों को रोक लिया और हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि मिल प्रबंधन को हर बार बैठक में खुली ट्रालियों में मैली ने ढोए जाने की हिदायत दी जाती है। प्रबंधन जान बूझकर इसकी उपेक्षा कर रहा है। पुलिस और प्रशासन भी कार्रवाई में ढिलाई बरत रहा है। इससे आमजन की सुरक्षा खतरे में है। एसडीएम, सीओ ने मिल और पालिका के कर्मचारियों को बुलाकर सड़क की सफाई कराई। साथ ही भरोसा दिया कि कोई मिल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर देगा तो पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेगी। इसके बाद लोग शांत हुए।
