ओवर रेट पर सामान बेचने पर हंगामा

ऋषिकेश। सामान की ओवर रेटिंग को लेकर मंगलवार को मुनिकीरेती में हंगामा हो गया। सूचना पर स्थानीय लोग जुटने शुरू हो गये। इस दौरान वन विभाग और नगर पालिका की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने दुकान हटाने की हिदायत दुकानदार को दी।
मुनिकीरेती थाने से कुछ दूरी पर एक दुकान में पानी की बोतल के दोगुने दाम लेने पर मंगलवार को ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। इस दौरान इसकी सूचना मिलने पर स्थानीय सभासद सुभाष चौहान के साथ कुछ लोग मौके पर पहुंचे। इसकी शिकायत सभासद ने पुलिस, वन विभाग और नगर पालिका की टीम को दी। स्थानीय सभासद का आरोप है कि कई दिनों से दुकानदार के खिलाफ ओवर रेटिंग की शिकायत मिल रही थी। मंगलवार को भी एक ग्राहक को दुकानदार ने पानी की बोतल दोगुने दाम पर दी, इस पर ग्राहक ने विरोध जताया। बताया की मामले की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों ने बुधवार तक दुकानदार को दुकान हटाने की हिदायत दी है। इसके बाद मामला शांत हुआ।
ओवर रेटिंग की शिकायत मिली है। जिस स्थान पर दुकान लगी है, वह जगह वन विभाग की है। लिहाजा अवैध रूप के कब्जा करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई जायेगी। बुधवार को दुकानदार ने दुकान नहीं हटाई, तो वन विभाग के साथ मिलकर अतिक्रमण को हटाया जायेगा। -भूपेंद्र पंवार, सफाई निरीक्षक, नगर पालिका मुनिकीरेती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *