गन्ना किसानों का चीनी मिल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन
ऋषिकेश। गन्ना किसानों ने मंगलवार को डोईवाला चीनी मिल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसान पेराई सत्र शुरू होने के डेढ़ माह बाद भी गन्ने का भुगतान नहीं किए जाने से नाराज हैं। उन्होंने जल्द बकाया भुगतान करने की मांग की है। मंगलवार को डोईवाला चीनी मिल गेट पर किसान एकत्रित हुए। वहां उन्होंने संयुक्त किसान मोर्चा डोईवाला के बैनर तले धरना दिया एवं मिल के गेट पर सांकेतिक तालाबंदी की। किसान सभा के जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह ने कहा कि गन्ना मिल का पेराई सत्र शुरू होने के डेढ़ माह बाद भी मिल प्रशासन द्वारा अभी तक किसानों को कुछ भी भुगतान नहीं किया गया है। किसान मोर्चा के नेता बलबीर सिंह ने कहा कि यदि मिल द्वारा शीघ्र भुगतान नहीं किया तो, किसान उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह खालसा ने कहा कि डोईवाला चीनी मिल द्वारा किसानों की अनदेखी की जा रही है, इसको बर्दास्त नहीं किया जा सकता है। जब तक मिल प्रशासन द्वारा भुगतान का कोई आश्वासन नहीं दिया जाता, यह धरना निरन्तर चलता रहेगा। किसान सभा के जिला संयुक्त सचिव याकूब अली व कृषक फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष उमेद बोरा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। किसानों को उसका वाजिब दाम 450 रुपये की मांग को पूरा न करते हुए कम रेट पर गन्ने की खरीद की जा रही है। इसके बावजूद भी अभी तक गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं किया है।
