निर्माण कार्यों के नाम पर हो रहा सरकारी धन का दुरुप्रयोग : आप
विकासनगर।
आम आदमी पार्टी ने प्रदेश सरकार पर निर्माण कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुप्रयोग करने का आरोप लगाया है। कहना है कि विकासनगर विधान सभा में विकास कार्यों के कई शिलापट्ट लगाए हैं, लेकिन इन पर निर्माण लागत अंकित नहीं की गई है। आप के जिलाध्यक्ष गुरुमेल सिंह राठौर ने कहा कि केदारावाला-बालूवाला मोटर मार्ग निर्माण कार्य का बोर्ड केदारावाला में लगाया गया है, लेकिन इस बोर्ड पर निर्माण लागत दर्ज नहीं की गई है। कई जगह निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही बोर्ड लगाए जा रहे हैं। बरोटीवाला से लंबरपुर तक सड़क नवीनीकरण का बोर्ड लक्ष्मीपुर चौक पर लगाया गया है। इस बोर्ड पर सड़क की लंबाई तक दर्ज नहीं है। नवीनीकरण किस योजना के तहत किया जा रहा है, इसकी जानकारी भी नहीं दी गई है। राजनैतिक लाभ लेने के लिए बोर्ड पर क्षेत्रीय विधायक और ब्लॉक प्रमुख का नाम ही प्रमुखता से अंकित किया गया है। इससे साफ जाहिर है कि निर्माण कार्यों के नाम पर जन प्रतिनिधि और प्रदेश सरकार जनता को भ्रमित कर रहे हैं। इस दौरान ज्ञान सिंह, भानु पठानिया, मिल्की राम, गुलफाम अहमद, मौसम सिंह मुखिया, गुमान सिंह, कै. राजाराम, विरेंद्र सिंह चौधरी आदि मौजूद रहे।
