चोरों ने दो घरों से नगदी और जेवर उड़ाए

ऋषिकेश।

गुरुवार सुबह एक साथ दो स्थानों पर चोरी की सूचना से पुलिस में खलबली मच गई । आनन-फानन में घटनास्थलों पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। चोरों ने दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बुधवार रात शातिर चोरों ने भरत विहार और रूषाफार्म में नगदी और जेवर पर हाथ साफ कर लिया।

चोरी की पहली घटना भरत विहार कॉलोनी गली नंबर चार की है। यहां पर पंडित मोहन लाल बेलवाल के बंद मकान पर बुधवार रात चोरों ने धावा बोला। घर के अंदर घुसकर शातिर चोरों ने 60 हजार की नकदी, सोने की चेन और दो अंगूठियों पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता सुबह मोहन लाल बेलवाल को चला। वे अपने दूसरे मकान से यहां पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि वे यहां पर दिन में पूजा पाठ करते हैं और रात को वे आवास विकास स्थित अपने घर पर सोने के लिए चले जाते हैं। दूसरी घटना रूषाफार्म, गंगोत्री कॉलोनी निवासी लक्ष्मी प्रसाद पांडेय के घर की है। उनकी पत्नी गुड्डी देवी घर पर अकेली थी। लक्ष्मी प्रसाद पांडेय काम से घर से बाहर गए थे। महिला सुबह उठी तो कमरे में रखी आलमारी से 30 हजार की रकम और एक सोने का मंगलसूत्र गायब मिले। चोरी की घटना के बाद महिला ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने दोनों मामलों में मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की बुधवार रात हुई चोरियों का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस टीम जुट गई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।

15 लाख की चोरी मामले में पुलिस खाली हाथ: इंदिरानगर में कुछ समय पहले 15 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया था। लेकिन ऋषिकेश पुलिस अभी तक इस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है मामले में जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है।

चोरी की घटनाओं से उठ रहे सवाल: एक साथ कोतवाली क्षेत्र के दो घरों में चोरी की घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए है। पुलिस एक ओर जगह- जगह विभिन्न नाकों पर चेकिंग करने का दावा करती है। लेकिन भरत विहार और रूषाफार्म में चोरी की वारदात से पुलिस की चेकिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं चोरी की घटनाओं से लोगों में पुलिस के प्रति रोष है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *