इमरान का लुट गए यूट्यूब पर साल का सबसे अधिक देखा जाने वाला म्यूजिक वीडियो बना
अभिनेता इमरान हाशमी इस साल अपने म्यूजिक वीडियो लुट गए को लेकर चर्चा में रहे हैं। अप्रैल में इस म्यूजिक वीडियो ने महज 60 दिनों में 50 करोड़ व्यूज हासिल कर लिए थे। इस गाने ने टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर सबसे तेजी से 50 करोड़ का व्यूअरशिप हासिल करने का रिकॉर्ड बनाया था। अब लुट गए यूट्यूब पर इस साल का सबसे अधिक देखा जाने वाला म्यूजिक वीडियो बन गया है।
इमरान ने अपने ट्विटर हैंडल पर प्रशंसकों के साथ यह खुशी साझा की है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, सॉन्ग लुट गए 2021 में यूट्यूब इंडिया पर नंबर 1 देखा जाने वाला म्यूजिक वीडियो बन गया है। 1 अरब से भी अधिक लोगों ने इसे देखा है। इस गाने को टी-सीरीज के बैनर तले बनाया गया है। लुट गए को इस साल 17 फरवरी को टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया था।
टी-सीरीज के साथ इमरान का यह दूसरा म्यूजिक वीडियो है। इससे पहले इमरान ने सुपरहिट गाने मैं रहूं या ना रहूं के लिए भूषण कुमार के साथ हाथ मिलाया था। लूट गए का म्यूजिक तनिष्क बागची द्वारा दिया गया है। गीतकार मनोज मुंतशिर ने इस गाने के बोल लिखे हैं। राधिका राव और विनय सप्रू द्वारा इस गाने को निर्देशित किया गया है। यह गाना उस्ताद नुसरत फतेह अली खान के गाने आंख उठी मोहब्बत ने का रीमेक वर्जन है।
इस गाने को इमरान पर फिल्माया गया है और इसमें उनके अपोजिट भूमिका में अभिनेत्री युक्ति थरेजा नजर आई हैं। वहीं, इस गाने को गायक जुबिन नौटियाल ने गाया है। प्रेम कहानी पर आधारित इस म्यूजिक वीडियो में इमरान पुलिस वाले की भूमिका में नजर आए हैं। उनकी और अभिनेत्री युक्ति थरेजा की केमिस्ट्री को दर्शकों ने पसंद किया है। इमरान ने इस गाने का हिस्सा होने को गौरव और सम्मान का पल बताया था।
टॉप-10 म्यूजिक वीडियो में रैपर बादशाह का पानी पानी, हनी सिंह का सैयां जी, शेरशाह का गाना रातां लम्बियां और गायक बी पराक का बारिश की जाए शामिल रहा।
इमरान, अक्षय कुमार के साथ हिट मलयालम फिल्म ड्राइविंग लाइसेंस की हिन्दी रीमेक में दिखाई देंगे। वह फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी में भी एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। वह आगामी फिल्म फादर्स डे में भी दिखेंगे। उन्हें सलमान खान की फिल्म टाइगर 3 में भी देखा जाएगा। इस फिल्म का निर्देशन शांतनु बागची कर रही हैं। इमरान बलविंदर सिंह जंजुआ की फिल्म सब फर्स्ट क्लास है में नजर आ सकते हैं।
