सलमान खान की फिल्म अंतिम ने दुनियाभर में कमाए 50 करोड़ रुपये

सलमान खान फिल्म अंतिम: द फाइनल ट्रुथ को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म ने कमाई के मामले में बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की थी, लेकिन अब इसने रफ्तार पकड़ ली है। फिल्म में सलमान के बहनोई आयुष शर्मा भी नजर आए हैं। फिल्म 26 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। अब रिपोर्ट सामने आ रही है कि सलमान की इस फिल्म ने दुनियाभर में 50 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान की अंतिम: द फाइनल ट्रुथ ने दुनियाभर में 50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। रिलीज के सेकेंड वीकेंड में फिल्म ने यह आंकड़ा छुआ है। रिलीज के पहले तीन दिनों में ही फिल्म ने दुनियाभर में 24.11 करोड़ रुपये कमा लिए थे। उम्मीद है कि सलमान की फिल्म इसी रफ्तार से कलेक्शन करेगी। फिल्म में सलमान और आयुष की उपस्थिति ने दर्शकों को आकर्षित किया है।
सलमान की अंतिम ने रिलीज के दिन ही सुस्त शुरुआत की थी। फिल्म ने भारत में अपने ओपनिंग डे में केवल 5.3 करोड़ रुपये जुटाए थे। इससे सलमान के फैंस को काफी धक्का लगा था। हालांकि, ओपनिंग वीकेंड के समाप्त होते ही फिल्म ने अपनी झोली में 18.61 करोड़ रुपये जमा कर लिए थे। एक सप्ताह खत्म होते-होते फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और इसने बॉक्स ऑफिस पर 29.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था।
फैंस के साथ-साथ समीक्षकों ने भी अंतिम को पैसा वसूल बताया है। सलमान के अभिनय पर जहां लोगों ने सीटियां बजाई हैं, वहीं आयुष शर्मा के एक्शन दृश्यों पर भी दर्शक तालियां बजाने से खुद को रोक नहीं पाए हैं। इसके अलावा अभिनेत्री महिमा मकवाना का काम भी लोगों को पसंद आया है। फिल्म में सलमान एक सिख पुलिस वाले के किरदार में हैं, जबकि आयुष गैंगस्टर बने हैं। अंतिम मराठी फिल्म मुल्शी पैटर्न की हिन्दी रीमेक है।
फिल्म के निर्देशन की कमान महेश मांजरेकर ने संभाली थी। सलमान और महेश ने इससे पहले दबंग, दबंग 3 और रेडी में बतौर को-स्टार साथ काम किया है। जी स्टूडियोज और सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले इस फिल्म का निर्माण किया गया है। कई लोगों का मानना है कि सलमान इस फिल्म के जरिए अपने बहनोई आयुष को बॉलीवुड में स्थापित करना चाहते हैं। इस फिल्म में सलमान और आयुष के बीच जबरदस्त फाइट भी देखने को मिली है।
आयुष ने फिल्म लवयात्री से बॉलीवुड की फिल्मों में डेब्यू किया था। यह फिल्म फ्लॉप हो गई थी। इसमें भी उनके साथ सलमान दिखे थे। आयुष अपने करियर में भी कुछ खास नहीं कर पाए हैं। इस लिहाज से अंतिम उनके लिए अहम फिल्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *