व्यासी परियोजना राष्ट्र को समर्पित होने पर जताई खुशी
विकासनगर।
व्यासी जल विद्युत परियोजना को प्रधानमंत्री की ओर से राष्ट्र को समर्पित किए जाने पर एनपीसीसी अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की है। शनिवार शाम को व्यासी परियोजना स्थल स्थित एनपीसीसी कार्यालय से जारी बयान में इसे राष्ट्र की प्रगति में सहभागिता बताया गया।
एनपीसीसी के प्रबंध निदेशक रजनीकांत अग्रवाल एवं परियोजना प्रबंधक नीरज शुक्ला ने कहा कि परियोजना के तहत टेस्टिंग कार्य शुरू कर दिया गया है। अभी तक जलाशय में 25 मीटर तक पानी भर चुका है। जल्द ही बिजली उत्पादन शुरू कर व्यासी जल विद्युत परियोजना राष्ट्र और प्रदेश के विकास में अपना योगदान देना शुरू कर देगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की ओर से परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद एनपीसीसी कार्यालय में खुशी का माहौल है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिठाई बांट कर एक-दूसरे बधाई दी। उन्होंने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय के अधीन काम करने वाली एनपीसीसी देश के साथ ही विदेशों में भी कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का निर्माण कार रही है, जिनमें अफगानिस्तान में निर्माणाधीन फ्रेंडशिप डैम भी शामिल है।
