87 किमी दूर पिथौरागढ़ पहुंचकर मुनस्यारी के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

पिथौरागढ़।

मुनस्यारी के विभिन्न गांवों के ग्रामीण व जनप्रतिनिधि सड़क, संचार की मांग पर 87 किमी दूर जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा गांवों में न तो संचार सुविधा है और ना ही आवाजाही के लिए सड़क। बावजूद इसके देश में विकास की बाते हो रही हैं। कहा हमारे लिए विकास की बातें हवाई हैं। हम आजादी के 75 साल बाद भी देश में गुलामों की तरह जीवन जीने को मजबूर हैं।
गुरुवार को मुनस्यारी के दूरस्थ गांव होकरा, खोयम, जेर्थी, गौला के ग्रामीण खोयम के प्रधान राजेंद्र सिंह दानू के नेतृत्व में पिथौरागढ़ पहुंचे और कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा देश में डिजिटल इंडिया के दावे हो रहे हैं। लेकिन हमारे लिए आज भी मोबाइल सपना है। इन गांवों में संचार की कोई सुविधा नहीं है। अपनों से बात करने को भी उन्हें कई किमी पहाड़ी की दौड़ लगानी पड़ती है। कहा इन गांवों को जोड़ने के लिए मसूरीकांडा-होकरा सड़क का निर्माण किया गया है। लेकिन डामरीकरण व अन्य कार्य न होने से इस पर आवाजाही सुचारू नहीं हो सकी है। मरीजों व गर्भवतियों को भी डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा उनके लिए विकास के कोई मायने नहीं हैं। आज भी हम आजाद देश में गुलामों की तरह जीवन जी रहे हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र सड़क व संचार सुविधा से गांवों को नहीं जोड़ा गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *