ग्रीनपार्क स्टेडियम और लैंडमार्क होटल की कड़ी हुई सुरक्षा व्यवस्था
कानपुर।
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच के लिए ग्रीनपार्क स्टेडियम और लैंडमार्क होटल की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के हवाले कर दी गई है। हर आने-जाने वाले पर निगाह रखी जा रही है।
उप्र क्रिकेट एसोसिएशन और जिला प्रशासन की ओर से रोज स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। मेन गेटों पर कैमरे लगाने के साथ ही आस-पास और अंदर रहने वालों की जांच की जा रही है। हर संदिग्ध की निगरानी शुरू हो गई है। स्टेडियम के मेन विकेट समेत अभ्यास विकेट पर भी पुलिस का पहरा है। मेन गेट पर बिना जानकारी दर्ज कराए कोई भी परिसर में प्रवेश नहीं कर सकता है।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की प्रसार टीम के सदस्यों ने मुख्य मैदान में बुधवार को ड्रोन उड़ाकर न्यू प्लेयर पवेलियन, डायरेक्टर व वीआइपी पवेलियन के साथ मीडिया गैलरी के दृश्यों को कैद किया। इसका प्रस्तुतीकरण जिला प्रशासन से लेकर मैच आयोजन समिति के समक्ष किया जाएगा। उम्मीद है कि एसोसिएशन ब्राडकास्टिंग टीम के जरिए मैच के दौरान देश-विदेश के दर्शकों को ग्रीनपार्क के इतिहास से परिचित कराए।
23 को आएंगे पिच एंड ग्राउंट कमेटी के प्रमुख
पिच को अंतिम रूप देने के लिए बीसीसीआई की पिच एंड ग्राउंट कमेटी के प्रमुख आशीष भौमिक 23 नवंबर को शहर आएंगे। वह मुख्य विकेट का निरीक्षण कर मौसम के अनुसार कंसल्टेंट क्यूरेटर संग विकेट पर मंथन करेंगे।
