युवक की धारदार हथियार से हत्या,कुटिया के बाहर चारपाई पर मिला शव
कानपुर।
घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के रंजीतपुर गांव में कुटिया में सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक के परिजनों की तहरीर पर हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।
चारपाई पर सोते समय उतारा मौत के घाट
पतरसा निवासी सर्वेश कुमार (35) रंजीतपुर गांव में रामगिरी उर्फ रामदास साधु की कुटिया में रहता था। रामगिरी ने बताया कि बुधवार रात को वह कुटिया में सो गए थे। जबकि सर्वेश बाहर चारपाई पर सो रहे थे। सुबह सोकर उठे तो सर्वेश का शव चारपाई पर पड़ा मिला। सर्वेश के सिर,गर्दन और चेहरे पर चापड़ से हमला कर हत्या की गई थी। सूचना मिलते ही घाटमपुर थाना प्रभारी राम अवतार फोर्स के साथ जांच करने मौके पर पहुंचे। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि जिस जमीन पर कुटिया बनी है,वह पट्टे की है। जमीन को लेकर रामगिरी और गांव के मुंशीलाल का मुकदमा चल रहा है।
थाना प्रभारी राम अवतार ने बताया कि जमीन के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी हत्याकांड की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में उन्हें कई अहम साक्ष्य भी मिले हैं। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करेंगे। संदिग्ध को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।
