सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी के नियत समय पर कार्यालयों में बैठें : प्रीतम सिंह
विकासनगर
नेता प्रतिपक्ष व चकराता के विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि त्यूणी में सरकारी कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारी कम बैठते हैं। इससे आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नेता प्रतिपक्ष ने एसडीएम चकराता को निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारी कर्मचारियों का ड्यूटी के नियत समय पर कार्यालयों में बैठाना सुनिश्चित किया जाय। जिससे आम जनता को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। त्यूणी में जन समस्याओं को सुनने के बाद नेता प्रतिपक्ष ने हनोल महासू मंदिर में मत्था टेका और प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष व चकराता के विधायक प्रीतम सिंह ने त्यूणी अतिथि गृह में जनसमस्यायें सुनी। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों कर्मचारियों के सरकारी कार्यालयों में न बैठने का मामला उठाया। जिसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने एसडीएम चकराता फोन पर निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने इस दौरान बौराड सडक का मामला उठाया। कहा कि लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी मार्ग पर जगह जगह मलबा पड़ा है। जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। लोनिवि अधिकारियों को कई बार मार्ग से मलबा हटाने की मांग की। लेकिन अधिकारी कर्मचारी ग्रामीणों की सुनने को तैयार नहीं हैं। जिस पर नेता प्रतिपक्ष ने लोनिवि के सहायक अभियंता व अवर अभियंता को जमकर फटकार लगाई। कहा कि तत्काल मार्ग से मलबा हटाया जाय। अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। जनसमस्यायें सुनने के बाद नेता प्रतिपक्ष हनोल महासू मंदिर पहुंचे। जहां ग्राम प्रधान हरीश राजगुरु सहित ग्रामीणों ने नेता प्रतिपक्ष का स्वागत किया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने महासू मंदिर में पूजा अर्चना की और महासू देवता के दर्शन कर मत्था टेका। मंदिर में आर्शीवाद लेने के साथ ही प्रदेश की सुख समृद्धी की कामना की। मंदिर में दर्शन के बाद नेता प्रतिपक्ष मोरी के लिए रवाना हुए। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष लायकराम शर्मा, बलवीर चौहान, बालकराम जिनाटा, बॉबी चौहान, गोल्डी, आकाश आदि मौजूद रहे।
