पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से एक सप्ताह से पेयजल किल्लत

विकासनगर

मुख्य बाजार में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से एक सप्ताह से पेयजल किल्लत बनी हुई है। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है पेयजल आपूर्ति बहाल करने को लेकर जल संस्थान और लोक निर्माण विभाग दोनों ही लापरवाह बने हुए हैं, जिसका खामियाजा जनता को भुगतन पड़ रहा है। स्थानीय सुशील अग्रवाल, आरएस चौहान, कपिल चौहान, अनिल भारती, प्रेम सिंह, चमन सिंह ने बताया कि मुख्य बाजार में पिछले एक सप्ताह से सड़क के दो सौ मीटर हिस्से का चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे एसबीआई, पीएनबी, ग्रामीण बैंक की शाखाओं समेत दो सौ की आबादी आबादी एक सप्ताह से पेयजल संकट से जूझ रही है। लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य धीमी गति से किया जा रहा है, जिससे पेयजल लाइन की मरम्मत नहीं हो रही है। जल संस्थान से पेयजल आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की मांग की गई, लेकिन दोनों ही विभाग उनकी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पेयजल आपूर्ति ठप रहने से बाजार क्षेत्र में रहने वालों की दिनचर्या प्रभावित होने के साथ ही स्थानीय होटल संचालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जबकि बैंक आने वाले उपभोक्ताओं को भी पीने के पानी के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को पेयजल लाइन की मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *