संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर की डेब्यू फिल्म का निर्देशन करेंगे शशांक खेतान

बॉलीवुड कलाकारों के बच्चों के फिल्म जगत में डेब्यू करने को लेकर फैंस काफी उत्साहित नजर आते हैं। कुछ समय पहले जानकारी सामने आई थी कि अभिनेता संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर करण जौहर की फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली हैं। निर्माता करण ने खुद शनाया की डेब्यू फिल्म का ऐलान किया था। अब जानकारी सामने आ रही है कि शनाया की इस फिल्म को लोकप्रिय निर्देशक शशांक खेतान निर्देशित करेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, शनाया की डेब्यू फिल्म को निर्देशति करने की जिम्मेदारी शशांक के कंधे पर होगी। इस फिल्म में शनाया के साथ गुरफतेह सिंह पीरजादा और लक्ष्य ललवानी भी नजर आएंगे। करण इस फिल्म में शनाया के साथ अभिनेता लक्ष्य को भी लॉन्च करने वाले हैं। फिल्म की शूटिंग जुलाई में शुरू होने वाली थी। हालांकि, कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण फिल्म के प्रोजेक्ट में देरी हुई है।
खबरों की मानें तो शनाया, गुरफतेह और लक्ष्य ने पिछले सात महीनों में कई एक्टिंग वर्कशॉप्स में भाग लिया है। ये तीनों कलाकार इस साल दिसंबर में मुंबई में इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। यह एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन पारस चक्रवर्ती करने वाले थे। शशांक इस फिल्म से एक प्रोड्यूसर के तौर पर जुडऩे वाले थे। हालांकि, अब शशांक के हाथ में फिल्म को निर्देशित करने की जिम्मेदारी दे दी गई है।
फिल्म की कहानी शहरी लव ट्राएंगल पर आधारित होगी। फिल्म की शूटिंग शुरू होने के बाद इसकी रिलीज डेट के बारे में जानकारी दी जाएगी। इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि शनाया को स्टूडेंट ऑफ द ईयर 3 से लॉन्च किया जाएगा। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के लिए बनाई जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, शनाया की मां महीप कपूर ने करण से कहा था कि उनकी बेटी का डेब्यू थिएट्रिकल रिलीज के साथ होना चाहिए।
फिल्मों में डेब्यू करने से पहले शनाया जाह्नवी कपूर की फिल्म गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल की सहायक निर्देशक की भूमिका में काम कर चुकी हैं। इससे पहले महीप की नेटफ्लिक्स सीरीज फेबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स में शनाया का स्पेशल अपीयरेंस देखा गया था। शनाया के पिता संजय ने कहा था कि उनकी बेटी शनाया बॉलीवुड फिल्मों में डेब्यू करने के लिए बिल्कुल तैयार है, केवल उन्हें एक अच्छे प्रोजेक्ट की तलाश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *