प्रतीक गांधी और इलियाना के साथ जल्द ही फिल्म लवर्स की शूटिंग शुरू करेंगी विद्या बालन

अभिनेत्री विद्या बालन पिछले काफी समय से फिल्म लवर्स को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म के जरिए वह पहली बार अभिनेता प्रतीक गांधी और इलियाना डिक्रूज के साथ काम करने जा रही हैं। जब से लवर्स की घोषणा हुई है, यह सुर्खियों में है। खबर है कि विद्या ने इस फिल्म की शूटिंग के लिए कमर कस ली है। वह जल्द ही प्रतीक और इलियाना के साथ शूटिंग में शामिल होंगी। आइए जानते हैं और क्या जानकारी मिली है।
फिल्म से जुड़े सूत्र ने बताया कि निर्माताओं ने गुपचुप तरह से कुछ ही दिन पहले फिल्म लवर्स की शूटिंग मुंबई में शुरू की है। प्रतीक गांधी और इलियाना डिक्रूज आजकल साथ में कुछ सीन शूट कर रहे हैं। कुछ ही दिनों में विद्या बालन भी उनके साथ शूटिंग शुरू करेंगी। फिल्म के लिए 45 दिन का शूटिंग शेड्यूल तय किया गया है, जो मुंबई में होने वाला है। दूसरे शेड्यूल की शूटिंग तमिलनाडु के कुन्नूर में होगी।
इस साल नवंबर में फिल्म की शूटिंग पूरी करने की योजना बनाई गई है और अगले साल के मध्य तक फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के नाम में बदलाव भी हो सकता है। बता दें कि एंटरटेनमेंट पोर्टल को यह जानकारी भी मिली है कि अब अभिनेता अर्जुन रामपाल इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैैं। डेट्स ना होने के चलते वह इस फिल्म से नहीं जुड़ पाए हैं। उनकी जगह अमेरिकी अभिनेता सेंधिल राममूर्ति को कास्ट किया गया है।
इस फिल्म के जरिए विद्या तुम्हारी सुलु के निर्माताओं तनुज गर्ग और अतुल कसबेकर के साथ दोबारा अपनी फिल्मी पारी शुरू करने जा रही हैं। तनुज गर्ग इसके साथ निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। यह एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म होगी, जिसमें विद्या पहली बार पर्दे पर प्रतीक के साथ इश्क फरमाती दिखेंगी। यह एक ऐसी नए जमाने की कहानी है, जो दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखी होगी। फिल्म में इलियाना डिक्रूज भी अहम भूमिका में हैं।
विद्या इन दिनों फिल्म जलसा को लेकर भी चर्चा में हैं। इसमें उनके साथ अभिनेत्री शेफाली शाह नजर आएंगी। इस फिल्म के निर्देशन की कमान सुरेश त्रिवेणी संभाल रहे हैं और फिल्म के निर्माता हैं विक्रम मल्होत्रा, जिन्होंने विद्या की फिल्म शेरनी के प्रोडक्शन का काम भी संभाला था। विद्या इस फिल्म की शूटिंग पूरी कर चुकी हैं। वह साउथ के सुपरस्टार चिरंजीवी के साथ भी एक फिल्म में काम कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *