निर्माणाधीन अपार्टमेंट में काम कर रहा मजदूर करंट की चपेट में आकर झुलसा,मौत
कानपुर।
कल्याणपुर क्षेत्र के अंतर्गत इंदिरा नगर में एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में सरिया काटने का काम कर रहा मजदूर करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद साथी मजदूर उसे पास के निजी हॉस्पिटल लेकर गए। लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। वहीं मजदूर की मौत के दो घंटे बाद ठेकेदार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवारी जनों को घटना की सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रूप से बहराइच के गोविंदापुर निवासी फूलचंद (50) इंदिरा नगर में निर्माणाधीन अपार्टमेंट में मजदूरी करते थे। फूलचंद पत्नी रुकमणी व पांच बच्चों के साथ इंदिरा नगर में ही किराए के मकान में रहते थे। मंगलवार को वह अपार्टमेंट में चापसा मशीन से सरिया काटने का काम कर रहे थे। तभी अचानक मशीन बंद हो गई। जिस पर फूलचंद सप्लाई बोर्ड में मशीन के तार को लगाने लगे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। जिसे देख मौके पर पहुंचे साथी मजदूर फूलचंद को उठाकर पास के निजी हॉस्पिटल लेकर गए, जहां चेकअप के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथी मजदूर जगदीश के मुताबिक ठेकेदार ने मामले की जानकारी दो घंटे बाद पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की सूचना मृतक की पत्नी को देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कल्याणपुर थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को घटना के संबंध में सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मजदूरों से घटना की जानकारी ली है,सभी ने करंट लगने की ही जानकारी दी है। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि निर्माणाधीन अपार्टमेंट में मजदूरी करते समय ही हादसा हुआ है। परिवार की तहरीर के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
