सड़क जाम कर सांकेतिक धरना दिया

रुड़की।

लखीमपुर खीरी घटना को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने लिब्बरहेड़ी गेट के सामने सड़क को जाम कर सांकेतिक धरना दिया। पुलिस ने रुड़की और हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों को गुड़ मंडी गेट के पास से देवबंद की ओर डायवर्ट किया।
भाकियू के प्रदेश महामंत्री चौधरी रवि कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के पुत्र द्वारा बेगुनाह किसानों पर गाड़ी चढ़ा कर चार किसानों की हत्या कर दी गई। अब किसान भाजपा की दमनकारी नीति से परेशान हो चुका है। जिला अध्यक्ष विजय शास्त्री ने कहा की लखीमपुर के किसानों के साथ हुई घटना को लेकर किसानों के संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर सांकेतिक जाम लगाया गया। यदि लखीमपुर के पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपी को उचित दंड नहीं दिया गया तो किसान बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। चौधरी रामपाल सिंह ने कहा लखीमपुर में किसानों की हत्या की गई। सांकेतिक जाम और धरने के बाद मौके पर पहुंचे एएसडीएम विजय नाथ शुक्ला को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया। इस दौरान राममूर्ति, विवेक लोहान, अरशद अली, अनुज चौधरी, बालेंद्र, संतोष, संदीप चौधरी, अहमद हसन, सरफराज, लोकेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *