प्राचार्य के आश्वासन पर छात्रों ने धरना व क्रमिक अनशन स्थगित किया
विकासनगर।
पंडित शिवराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय त्यूणी में पिछले बारह दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन और दो दिन से चला आ रहा क्रमिक अनशन प्राचार्य के आश्वासन के बाद छात्रों ने स्थगित कर दिया है।
देहरादून जिले के सीमांत क्षेत्र त्यूणी स्थित पंडित शिवराम शर्मा महाविद्यालय में सीटों को बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रसंघ पिछले बारह दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहा था। यही नहीं छात्रों ने दो दिन से क्रमिक अनशन शुरू किया। सोमवार को छात्र धरना स्थल पर बैठे ही थे कि धरना स्थल पर प्राचार्य डॉ. अंजना श्रीवास्तव पहुंच गयी। प्राचार्य ने छात्र छात्राओं को सीटों को बढ़ाने के लिए आश्वासन देते हुए कहा कि दो प्रवक्ताओं को श्रीदेव सुमन विश्व विद्यालय पत्रावली के साथ भेजा जायेगा और विश्व विद्यालय के समक्ष उनकी मांगों को रखा जायेगा। उन्हें उम्मीद है कि छात्रों की मांगों को विश्व विद्यालय मान जायेगा। महा विद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष मनोज कुमार और यूआर परमेश रावत ने बताया कि प्राचार्य की बातों को मान लिया गया है और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन को स्थगित कर दिया गया है। कहा कि यदि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होती तो आंदोलन को फिर से शुरू किया जायेगा।
