श्रीनगर के कृष्णा ढाबा के संचालक के बेटे की मौत, 17 फरवरी को आतंकियों ने मारी थी गोली
श्रीनगर……..
जम्मू कश्मीर के श्रीनगर स्थित कृष्णा ढाबा के संचालक रसमीश कुमार मेहरा के बेटे आकाश मेहरा की रविवार की सुबह मौत हो गई। 17 फरवरी की रात आतंकियों ने आकाश को गोली मारी थी। उनका इलाज चल रहा था। आतंकियों ने उनके सीने में गोली मारी थी जिसके चलते उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
बता दें कि कृष्णा ढाबा दुर्गानाग इलाके में स्थिति है। यह ढाबा शाकाहारी खाना सर्व करने के लिए काफी मशहूर है। इस इलाके में ढाबे के आसपास ही कई हाई प्रोफाइल संस्थान हैं। इनमें जम्मू कश्मीर के मुख्य न्यायधीश, यूएन मिलिट्री ऑबजर्वर्स ग्रुप फॉर इंडिया एंड पाकिस्तान का दफ्तर शामिल है।
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि आकाश मेहरा की मौत सुनकर काफी दुख हुआ। जिंदगी के खिलाफ कड़ी जंग लड़ते हुए वो हार गए। उनकी आत्मा को शांति पहुंचे और संकट की इस घड़ी में उनके परिजनों और करीबियों को दुख सहने की शक्ति मिले। आकाश मेहरा को आतंकियों ने गोली मारी थी।
पीडीपी प्रमुख और जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी आकाश मेहरा की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कृष्णा ढाबा चलाने वाले आकाश मेहरा की मौत की खबर सुनकर स्तब्ध और दुखी हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले, दुख की घड़ी में परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। गौरतलब है कि इस मामले में बीते 19 फरवरी को कश्मीर के आईजीपी विजय कुमार ने कश्मीर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया था कि जिन तीन आतंकियों ने कृष्णा ढाबा मालिक के बेटे पर हमला किया था, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इन तीनों आतंकियों की पहचान उवेस, सुहेल और अतहर के रूप में हुई थी।
