डाकपत्थर बैराज में श्रमिकों ने बैठक कर किया प्रदर्शन
विकासनगर।
ऊर्जा निगमों में संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों ने डाकपत्थर बैराज में आयोजित बैठक के बाद अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन का रिविजन करने और ईपीएफ की राशि का सही तरीके नहीं काटे जाने को लेकर ठेकेदारों पर आरोप लगाया। डाकपत्थर बैराज में आयोजित प्रदर्शन के दौरान संविदा कर्मियों ने कहा कि ठेकेदारों के माध्यम से कार्यकर रहे संविदा कर्मियों का पिछले कई वर्षों से न्यूनतम वेतन का रिविजन नहीं किया गया है। संविंदा कर्मियों ने कहा कि समस्त श्रेणी के कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन तत्काल बढ़ाया जाना चाहिए। ऊर्जा निगमों के कर्मियों का कार्य जोखिम भरा होता है। लेकिन वेतन सामान्य श्रेणी का दिया जा रहा है। कहा कि पावर हाउस और खतरनाक जगहों पर कार्य करने वाले कार्मिकों को उनके जोखिम के हिसाब से न्यूनतम वेतन दिया जाना चाहिए। कर्मियों ने मांग की कि विद्युत गृह में पाली में कार्य करने तथा अन्य एलाउंसेस का भी भुगतान भी किया जाए। प्रदर्शनकारियों में मनोज कुमार, अभिषेक शर्मा, राजेंद्र सैनी, साजिद हुसैन, सुमित जोशी, तेजेंद्र सिंह, विवेक नौटियाल, सचिन तोमर, रतन तोमर, राकेश, आशीष, खुशीलाल, मुकेश रावत, बारू सिंह, सुमेर तोमर, गंभीर तोमर, बारू सिंह, दीपक जोशी, तेजिंदर सिंह, महिपाल सिंह आदि शामिल रहे।
