लोजपा सांसद प्रिंस राज के खिलाफ रेप केस दर्ज, एफआईआर में चिराग पासवान का भी नाम

नई दिल्ली।

बिहार के समस्तीपुर से लोक जनशक्ति पार्टी सांसद प्रिंस राज की मुश्किलें बढ़ सकती हैं क्योंकि दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ एक संगीन आपराधिक मामला दर्ज किया है। दरअसल एक महिला द्वारा तीन महीने पहले की गई शिकायत के आधार पर राज के खिलाफ बलात्कार, आपराधिक साजिश रचने और साक्ष्य मिटाने जैसे आरोपों में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।
प्राथमिकी में लोजपा नेता चिराग पासवान का भी नाम आया है। महिला का आरोप है कि शिकायत मिलने के बावजूद अपने चचेरे भाई प्रिंस के खिलाफ कार्रवाई में पासवान ने देरी की। दिल्ली की एक अदालत के निर्देश पर पुलिस ने 9 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की। दिवंगत सांसद रामचंद्र पासवान के पुत्र प्रिंस उन 5 लोजपा सांसदों में एक हैं, जिन्होंने इस साल जून में चिराग के नेतृत्व के खिलाफ पार्टी में बगावत की थी। पीडि़ता ने एफआईआर में कहा है कि वह 15 जनवरी को चिराग से मिलने गई थी और उसने ये बात उन्हें भी बताई थी, लेकिन उन्होंने इस शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। बाद में चिराग ने पीडि़ता को किसी तरह की शिकायत करने से भी मना किया था। पीडि़ता का आरोप है कि चिराग ने पार्टी अध्यक्ष के पद पर रहते हुए भी इस मामले में संज्ञान नहीं लिया था। वहीं दूसरी तरफ प्रिंस पासवान पीडि़ता द्वारा लगाए गए आरोपों से इनकार कर चुके हैं। पीडि़ता का आरोप है कि वह लोजपा की सदस्य रह चुकी है। उसके साथ बेहोशी की हालत में यौन शोषण किया गया था। खबर है कि खुद प्रिंस पासवान की तरफ से भी इस मामले में एक एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। प्रिंस ने अपने एफआईआर में दावा किया है कि युवती ने उन पर झूठे आरोप लगाए हैं। प्रिंस ने इस मामले में 17 जून को ट्वीट कर भी अपने खिलाफ लगे आरोपों को गलत बताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *