लड़की का वीडियो बनाकर वायरल करने वाला टेलर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर 

सोलन:
दुकान पर आई लड़की का कपड़े बदलते हुए चोरी छिपे वीडियो बनाकर वायरल करने वाले नालागढ़ के टेलर को कोर्ट ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने इस मामले में आईटी एक्ट, पोस्को एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू की है। तीन दिन के पुलिस रिमांड में इस मामले को लेकर खुलासा होगा।
गौरतलब है कि शुक्रवार को युवती की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नालागढ़ के टेलर को गिरफ्तार किया था। शिकायत में मां ने आरोप लगाया था कि टेलर ने उसकी बेटी का कपड़े बदलते हुए नग्न वीडियो बनाकर व्हाट्सप्प पर वायरल कर दिया। जिस वजह से पूरा परिवार घर से बाहर नहीं निकल पा रहा है। टेलर ने यह वीडियो उस समय बनाया जब लड़की दुकान पर अपने सूट लेने गई थी। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 354सी, 67ए आईटी एक्ट व 10, 14 पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
डीएसपी बद्दी नवदीप सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां पर न्यायालय ने आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड के दौरान पुलिस सख्ती से पूछताछ करेगी और पूरे मामले से पर्दा उठ पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *