एसपी साहब नशे, चिट्टे, खनन, जुए और साइबर क्राइम पर कसें नुकेल

सोलन :
एसपी साहब अगर समय रहते बीबीएन में अवैध शराब, चिट्टे, अवैध खनन, जुए, जिस्मफरोशी और साइबर क्राइम पर शिकंजा नहीं कसा गया तो आने वाले समय में यह औद्योगिक क्षेत्र बर्बाद हो जाएगा। इस औद्योगिक क्षेत्र की युवा पीढ़ी और आने वाली पौध का भविष्य नशे और अपराध के बीच झूल रहा है। यहां के स्थानीय लोग ही इस क्षेत्र की बर्बादी में आहूतियां डाल रहे हैं। अगर पुलिस गंभीरता से यहां की जड़ों में पसरे अपराध को रोकने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाती तो बर्बादी तय है।
इंटक प्रदेशाध्यक्ष बबलू पंडित ने शुक्रवार को दो पन्नों का लिखित ज्ञापन एसपी बद्दी मोहित चावला को सौंपकर अहम मुद्दों पर पुलिस का ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में बबलू पंडित ने कहा कि बीबीएन में अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह से पैर पसार चुका है। आलम यह है कि सब्जी, दूध, करियाणा, हेयर ड्रैसर आदि की दुकानों के साथ साथ लोगों के घरों में शराब बिक रही है। हरियाणा और पंजाब की इस मिलावटी शराब ने लोगों को अंदर से खोखला कर दिया है और लोग असमय ही मौत का शिकार हो रहे हैं। क्षेत्र में भांग, चरस, अफीम, चूरा पोस्त और चिट्टे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है और इस नशा माफिया को स्थानीय लोगों की शह है। कई लोकल लोग इस नशे के कारोबार से जुड़े हैं और पैसों के लालच में आने वाली पीढ़ी और नई पौध को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।
क्षेत्र में अवैध खनन ने पर्यावरण का विनाश करके रख दिया है और आज रत्ता, बाल्द, सरसा तथा चिकनी जैसी जीवनदायिनी नदियों का अस्तित्व मिटने की कगार पर है। खनन में राजनीतिक और ऊंची पैठ रखने वाले लोग संलिप्त हैं जिन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। पुलिस भी अब आम लोगों के चालान काटने तक सिमित है जो अपनी जरूरत के लिए नदियों से रेत बजरी लेकर आते हैं, जबकि बड़े खनन माफियाओं पर कार्रवाई नहीं होती।
बीबीएन में जुए और सट्टे का कारोबार पैर पसार चुका है और रोजाना 8 से 10 लाख रूपये की लूट कामगारों से की जा रही है। लोगों की खून पसीने की कमाई को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है। क्षेत्र में जिस्म फरोशी का धंधा भी जोरों से चल रहा है। यहां की नामी अपार्टमेंटों व होटलों में चल रहे इस कारोबार पर नुकेल कसी जानी चाहिए।
बीबीएन में साइबर क्राइम तेजी से बढ़ रहा है और रोजाना लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। फेसबुक पर रिक्वसेट भेजी जाती है और वीडियो कॉल करने के बहाने अश्लीलता दिखाकर लोगों को फंसाया जा रहा है और बाद में ब्लैकमेल करके मोटी रकम ऐंठी जा रही है। ऐसे कई मामलों में युवा आत्महत्या भी कर रहे हैं जिसमें आत्महत्या के कारणों का पता ही नहीं चल पाता। एसपी बद्दी मोहित चावला ने कहा कि पुलिस समाज और क्षेत्र में फैले हर तरह के अपराध को जड़ से मिटाने के लिए पूरी ताकत लगा देगी। इस मौके पर इंटक प्रदेशाध्यक्ष बबलू पंडित के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, बीबीएन इंटक अध्यक्ष राज मोदगिल, युवा इंटक उपाध्यक्ष सूरज शर्मा, अक्षय चौहान व राजकुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *