सीएचसी में मेगा वैक्सीनेशन अभियान के दौरान घंटो लाइन में लगे लोगों ने परेशान होकर किया हंगामा,तोड़फोड़

कानपुर। 
शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र में कोविड वैक्सीनेशन को लेकर अव्यवस्थाओं की वजह से हालात बेकाबू हो रहे हैं। सीएचसी में मेगा वैक्सीनेशन अभियान के दौरान लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। घंटो लाइन में लगे लोगों ने परेशान होकर सीएचसी में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की। इसपर सीएचसी के चिकित्सकों ने पुलिस बुलाकर हालात को काबू में किया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ कैलाश चंद्रा ने बताया की मेगा वैक्सीनेशन कैंप के तहत घाटमपुर क्षेत्र में 8000 डोज लगाने का लक्ष्य है। इसके लिए 25 गांवों में टीम भेजी गईं हैं। सीएचसी में 500 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है। इसमें 50 लोगों को सेकेंड डोज लगाई जाएगी। सोमवार की सुबह से इमरजेंसी की नई बिल्डिंग में वैक्सीनेशन के लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगवाई गई थीं। भीड़ अधिक होने के कारण दोनों ही लाइनें काफी लंबी हो गईं। पुरुषों की लाइन में लोगों ने जल्दी वैक्सीनेशन का दबाव बनाया और हंगामा शुरू कर दिया। कुछ देर बाद आक्रोशित होकर लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। नई बिल्डिंग में लगे गेट का कांच तोड़ दिया। हालत पर काबू पाने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी।
वहीं दूसरी ओर लोगों ने बताया की वैक्सीनेशन को लेकर सीएचसी में बहुत अव्यवस्थाएं हैं। सुबह से धूप में लाइन में लगे हैं और वैक्सीनेशन कार्य एक तो बहुत धीमे हो रहा है और पहचान वाले लोगों को पहले वैक्सीन लगाई जा रही है। कोई सुनवाई करने वाला नहीं है। महिलाओं की लाइन में लगकर तबीयत खराब हुई जा रही है। व्यवस्था की देखरेख के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मौजूद है। विरोध जताने पर सुरक्षाकर्मी धमकाते हैं। मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ.कैलाश चंद्रा ने बताया की मेगा कैंप के चलते भीड़ ज्यादा हो गई हैं। गांवों में टीमें भेजी गई हैं ताकि सीएचसी में कम लोग जुटें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *