तेज हवा व बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

हल्द्वानी

जून महीने के पहले दिन तडक़े तेज हवाएं चलने के साथ मूसलाधार बारिश हुई। यह बारिश आफत भी लेकर आई। आम और लीची की फसल को भारी नुकसान हुआ है। फल पेड़ों से जमीन पर गिर गया। वहीं बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण हल्द्वानी-काठगोदाम रोड सहित अन्य स्थानों पर बिजली के तारों पर पेड़ गिर गए। कई जगह मुख्य सडक़ों पर भी आवाजाही प्रभावित रही। मंगलवार तडक़े करीब 3 बजे बारिश शुरू हो गई थी। यह सिलसिला करीब 5 बजे तक चला। बारिश की वजह से सुबह 4 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। करीब 8 घंटे तक बिजली प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, सुबह 10 बजे बाद मौसम साफ होने लगा और धूप खिल आई। बारिश से लोगों ने राहत की सांस जरूर ली, मगर धूप खिलने के बाद गर्मी बढ़ गई। वहीं, दमकल विभाग के कर्मियों ने कमलुआगांजा सहित अन्य स्थानों पर सडक़ पर गिरे पेड़ हटाने का काम किया।
लोगों के घरों में घुसा पानी: बारिश की वजह से सडक़ों के साथ विभिन्न कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। नाले ओवरफ्लो होने की वजह से पानी सडक़ों पर आ गया और लोगों के घरों में भी घुस गया। पार्षद रवि वाल्मीकि ने बताया कि उनके वार्ड के कई घरों में पानी घुस गया। इधर, वनभूलपुरा की कुछ गलियों, इंद्रानगर, गौजाजाली में नालों का कूड़ा भी सडक़ों पर आ गया।
तेज हवा से नीचे गिर गया फल: मंगलवार को तेज हवाओं के साथ हुई बारिश की वजह से आम और लीची की तैयार फसल को नुकसान पहुंचा है। फल पेड़ों से नीचे गिर गया। प्रगतिशील किसान नरेंद्र मेहरा बताते हैं कि आम को मई में आई बारिश की वजह से भी नुकसान हुआ था। ओलावृष्टि से आम में दाग पड़ गया है। अब आम बड़ा हो गया है, फिर भी मंगलवार की बारिश से आम और लीची की 15 फीसदी फसल खराब होने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *