डब्ल्यूएचओ ने अफगानिस्तान में 12.5 टन चिकित्सा सामग्री भेजी

जिनेवा।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ ) ने अफगानिस्तान को 12.5 टन चिकित्सा सामग्री की आपूर्ति की। पूर्वी भूमध्यसागरीय क्षेत्र के लिए डब्ल्यूएचओ के क्षेत्रीय निदेशक अहमद अल मंधारी ने कहा, मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है लगातार कई दिनों तक काम कर संकट का समाधान खोजने के बाद हम अब अफगानिस्तान में स्वास्थ्य सुविधाओं के भंडार को आंशिक रूप से भरने में सक्षम हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि अभी के लिए डब्ल्यूएचओ समर्थित स्वास्थ्य सेवाएं जारी रह सकें।
डब्ल्यूएचओ की ओर से भेजी गयी चिकित्सा सामग्री को अफगानिस्तान के 29 प्रांतों में 40 स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों में वितरित किए जाने की संभावना है। इसमें लगभग 200,000 लोगों की चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ट्रॉमा किट और आपातकालीन स्वास्थ्य किट शामिल हैं। इसके अलावा 3,500 सर्जरी और 6500 ट्रॉमा मरीजों के इलाज से संबंधित सामग्री भी है।
डब्ल्यूएचओ के अनुसार, यह खेप आतंकवादी संगठन तालिबान के अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद देश में भेजी जाने वाली पहली चिकित्सा आपूर्ति है।
डब्ल्यूएचओ ने कहा, पिछले दो हफ्तों में दुनिया का ध्यान काबुल स्थित हवाई अड्डे के माध्यम से लोगों की निकासी पर केंद्रित है, लेकिन देश में रहने वाले लाखों कमजोर अफगानों की जरूरतों को पूरा करने के लिए मानवीय कार्य की मांग अब शुरू हो रही है। दुनिया अब इस महत्वपूर्ण समय में अफगानिस्तान के लोगों से अपना ध्यान नहीं हटा सकती है। अफगानिस्तान में दशकों के संघर्ष के बाद, मानवीय स्थिति तेजी से बिगड़ी है, और संघर्षग्रस्त देश को वर्तमान में मानवीय सहायता की सख्त जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *