सडक़ में बने तालाब में मछली डालकर यूकेडी ने किया प्रदर्शन

पिथौरागढ़।

उत्तराखंड क्रांति दल ने पेयजल लाइन लीकेज होने से नगर की सडक़ों में बने तालाब में मछलियां डालकर जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा पाइप लिकेज होने से प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, बावजूद विभाग बेखबर बना हुआ है। विभाग को महज अपने बिल से लेना देना है, फिर चाहे लोगों को पानी मिले या नहीं। बुधवार को यूकेडी जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ता सिल्थाम में एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष पुनेड़ा ने कहा नगर के विभिन्न हिस्सों में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी बर्बाद हो रहा है। विभाग ने हर घर में इलेक्ट्रानिक मीटर सालों पूर्व लगा दिए हैं, लेकिन रीडिंग चिप न होने का बहाना बनाकर मनमाने बिल वसूला जा रहा है। उक्रांद के वरिष्ठ नेता व संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रशेखर कापड़ी ने कहा सिल्थाम में एक पखवाड़े से पानी सडक़ पर बह रहा है, लेकिन विभाग को कोई लेना देना नहीं है। कहा कहीं पानी सडक़ों में बर्बाद किया जा रहा है तो कहीं लोग बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। कापड़ी ने कहा सीडीओ रहते हुए डीएम आशीष चौहान ने पानी के बचाव को लेकर अभियान संचालित किया था। अब जब वे डीएम बनकर दुबारा सीमांत जनपद पहुंचे हैं तो विभागीय लापरवाही के कारण पानी की इस तरह बर्बादी की जा रही है। उन्होंने डीएम से मामले का संज्ञान लेने को कहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा अगर पानी को बर्बादी को रोका नहीं गया तो वे विभाग में तालाबंदी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *