आधा घंटे की बारिश में विकासनगर की गलियां हुई जलमग्न
विकासनगर।
मंगलवार दोपहर बाद आधा घंटे हुई मूसलाधार बारिश से शहर के संपर्क मार्ग और गलियां तालाब में तब्दील हो गई। प्रमुख मार्गों सहित गलियों के जलमग्न होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हालांकि बारिश बंद होने के एक घंटे बाद जल निकासी होने से लोगों की दिनचर्या पटरी पर लौटी। सिनेमा गली में कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पानी घुसने से सामान को नुकसान पहुंचा। विकासनगर में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से हर बरसात में स्थानीय लोगों को जल भराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। मंगलवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से सैयद रोड, सिनेमा गली, पंजाबी कॉलोनी, कल्याणपुर, कॉलेज रोड, अस्पताल रोड, मुस्लिम बस्ती सहित कई अन्य संपर्क मार्गों पर जल भराव की स्थिति पैदा हो गई। गलियों के जलमग्न होने से स्थानीय लोग घरों में ही कैद रहने को मजबूर हो गए। संपर्क मार्गों पर जल मग्न होने से यातायात भी प्रभावित रहा। जिससे लंच के बाद सरकारी कार्यालयों में लौट रहे कर्मचारियों को भी परेशानी से जूझना पड़ा। शिक्षा विभाग के ब्लॉक मुख्यालय समेत कई अन्य सरकारी दफ्तरों के प्रांगण में भी पानी भर गया। मात्र आधा घंटे की बारिश ने ही विकासनगर में जल निकासी की व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी। जबकि एक माह पूर्व ही नगर पालिका प्रशासन ने सभी नालियों की सफाई करने और संपर्क मार्गों का ढ़ाल बदलकर जल भराव की समस्या से निजात मिलने का भरोसा जनता को दिया था। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बीएल आर्य ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को सुधारने के लिए बीस करोड़ का बजट स्वीकृत हो गया है। जल्द ही शहर में ड्रेनेज सिस्टम का पुनर्गठन किया जाएगा।
