डूबने वाले युवक की नहीं हो पाई पहचान
ऋषिकेश।
मालाकुंटी पुल पर मोबाइल से सेल्फी लेने के चक्कर में डूबने वाले युवक की पहचान पुलिस दूसरे दिन भी नहीं सकी। पुलिस के अनुसार दिनभर युवक के साथ आए लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। सोमवार को देवीपुरा, पंजाबी बाग, बुलंदशहर, यूपी के तीन लोग ब्यासी चौकी स्थित मालाकुंटी पुल पर घूमने आए थे। इस दौरान मोबाइल से सेल्फी खिंचवाते समय इनमें से एक युवक का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे गिर गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश में गंगा में सर्च अभियान चलाया, मगर उसका कहीं पता नहीं चल पाया। मुनिकीरेती थाना निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि डूबने वाले युवक के साथ आए लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने मोबाइल नहीं उठाया। गंगा में डूबने वाले का नाम और पते की जानकारी नहीं मिल पाई है।
