ससुराल में आग से झुलसे युवक की मौत,ग्रामीणों ने जीटी रोड पर शव रखकर लगाया जाम  ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग 

कानपुर।

 बिल्हौर क्षेत्र के डोडवा जमौली गांव निवासी युवक ने कानपुर के शास्त्री नगर में बीते शुक्रवार को पत्नी से विवाद के बाद मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली थी। युवक को बचाने में वृद्ध सास-ससुर भी झुलस गए थे। पुलिस ने तीनों को हैलट भेजा था। जहां उपचार के दौरान रविवार को युवक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लेकर आए स्वजन ने सोमवार को ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग कर जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। जानकारी पर पहुंचे इंस्पेक्टर व चौकी प्रभारी ने मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन देकर स्वजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान 40 मिनट यातायात बाधित रहा।

ससुराल में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने खुद को लगाई थी आग
क्षेत्र के डोडवा जमौली गांव निवासी निजी फर्म कर्मी संजय श्रीवास्तव का पत्नी से विवाद चल रहा है। बीते शुक्रवार को संजय पत्नी को बुलाने कानपुर सेंट्रल पार्क शास्त्री नगर स्थित ससुराल गए थे। जहां पत्नी से विवाद के बाद उन्होंने बाथरूम में खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली थी। बचाने में ससुर विजय श्रीवास्तव व सास ममता भी झुलस गई थी। आसपास के लोगों व पुलिस ने झुलसे तीनों लोगों को उपचार हेतु हैलट अस्पताल भेजा था। जहां रविवार को उपचार के दौरान संजय की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम स्वजन शव गांव ले आए थे।
मुकदमा दर्ज होने के आश्वासन पर खुला जाम 
सोमवार सुबह स्वजन ने ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग कर उत्तरी में जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। जानकारी पर इंस्पेक्टर व उत्तरी चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्वजन से बात की। इस दौरान इंस्पेक्टर ने काकादेव पुलिस से बात कर स्वजनों को मुकदमा दर्ज होने का आश्वासन देकर शव किनारे करा कर जाम खुलवाया। इस दौरान लगभग 40 मिनट तक आवागमन अवरुद्ध रहने के चलते सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। थाना प्रभारी अनूप कुमार निगम ने बताया की काकादेव पुलिस से बात हो गई है। मृतक के स्वजन को मुकदमा दर्ज कराने के लिए काकादेव थाने भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *