लक्सर में 174 को बांटे आवास योजना के प्रमाणपत्र
रुडक़ी
लक्सर विकासखंड सभागार में शनिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत शिविर लगाया गया। शिविर में योजना के तहत चयनित कुल 207 लाभार्थियों में से 174 को चयन के प्रमाणपत्र सौंपे गए। इन लाभार्थियों को मकान व शौचालय बनाने को सरकार डेढ़ लाख से अधिक का अनुदान देगी,लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने गरीब परिवारों के इलाज के लिए सरकार द्वारा शुरू की गई आयुष्मान कार्ड योजना व कोरोना में अनाथ हुए बच्चों के लिए चलाई गई वात्सल्य योजना के बारे में जानकारी दी। कहा कि अब सरकार ने हर गरीब को पक्की छत देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की है। एबीडीओ शीशपाल सिंह राठौर ने बताया कि लक्सर विकासखंड में कुल 207 लोगों को योजना के तहत चिन्हित किया गया है। इनमें से 174 पात्र लोगों को शिविर में चयन के प्रमाणपत्र सौंपे गए। अधिकारियों ने बताया कि हर लाभार्थी का मकान बनाने के लिए 159380 रुपये और शौचालय बनवाने को 12000 रुपये का अनुदान मिलेगा। जल्दी ही इसकी किस्त के 60000 रुपये उनके बैंक खातों में आ जाएंगे। बाद में विधायक ने रफीकन, सुनीता, लालमती, सोराज, वजीर, उमा, अनीता, अतरी, गंगोत्री, जनेश्वर, सुदेश, महरून्निसा, पूनम, रोशन, शकुंतला, नीलम, अतरकली सहित सभी 174 लोगों को योजना के चयन प्रमाणपत्र बांटे। इस मौके पर प्रदीप कुमार, जोधसिंह, अर्जुन सैनी, राजीव त्रिपाठी आदि भी मौजूद रहे।
