यूपीसीएल लेखा संवर्ग के निशाने पर एचआर अनुभाग
देहरादून
पॉवर लेखा एसोसिएशन ने यूपीसीएल के मानव संसाधन अनुभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मानव संसाधन अनुभाग की ओर से लेखा संवर्ग के कर्मचारियों की एसीपी, प्रमोशन से जुड़े प्रकरणों को लटकाने का आरोप लगाया। जल्द मांगों का निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। पावर लेखा एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष विक्रम सिंह यादव ने एमडी यूपीसीएल को पत्र भेज कर मानव संसाधन अनुभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। कहा कि लेखा कर्मियों के एसीपी से जुड़े मसले एक साल से लटके हैं। अक्तूबर 2024 तक सभी मामलों के निस्तारण का आश्वासन दिया गया था। आज तक किसी भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। महामंत्री एचएस रावत ने कहा कि अभी तक लेखाकार के खाली पदों पर प्रमोशन नहीं हुए हैं। लेखाकार से सहायक लेखाधिकारी और सहायक लेखाधिकारी से लेखाधिकारी के पदों पर भी प्रमोशन नहीं हुए हैं। इससे कर्मचारियों को वित्तीय नुकसान हो रहा है। भविष्य में भी प्रमोशन के रास्ते रुक रहे हैं। ऐसे में यदि तय समय के भीतर जल्द प्रमोशन न हुए तो आंदोलन तय है।
