अपने घरों में तिरंगा जरूर फहराएं: महाराज

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी दौरे पर आए काबीना मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि देश आजादी का 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। लोग आजादी के उत्सव पर अपने घरों में जरूर तिरंगा फहराएं। साथ ही सर्वोच्च पद पर आसीन राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के चित्र को ढोल नगाड़ों व हर्षोल्लास के साथ प्रदेश की सभी पंचायत भवनों में लगाने की अपील की। लोनिवि गेस्ट हाउस में अनौचारिक प्रेस वार्ता में पर्यटन मंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डेढ़ सौ साल पुराने तिब्बत व्यापार की ऐतिहासिक गरतांग गली का और अधिक विस्तार करने एवं नेलांग, जादुंग घाटी को भी पर्यटन की दृष्टि से खोले जाने का प्रयास किया जा रहा है। विंटर सीजन में भी पर्यटक यहां आएं इसके लिए शीतकालीन खेलों को शुरू करने के लिए दयारा बुग्याल को विंटर डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। एडवेंचर के क्षेत्र में एंगलिंग,जंपिंग, रिवर राफ्टिंग जैसी गतिविधियों को शुरू किया है। ग्राम पंचायतों को और सशक्त एवं मजबूत बनाया जा रहा है। पंचायतों में कूड़े के निस्तारण के लिए पंचायती राज विभाग के अन्तर्गत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जटायु (वेक्यूम क्लीनर) आदि मशीन उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश चौहान, डीएम अभिषेक रुहेला, सीडीओ गौरव कुमार थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *