पंचायत प्रतिनिधियों को दिया विकास योजनाओं का प्रशिक्षण

विकासनगर।

ग्राम स्वराज अभियान के तहत न्याय पंचायत मुंधान में चल रहा दो दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को समाप्त हुआ। प्रशिक्षण के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी मुहैया कराई गई। बताया गया कि सभी योजनाओं का उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य 2030 पर केंद्रित है।
मुख्य प्रशिक्षक बबीता भट्ट ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से लक्ष्य 2030 के तहत गरीबी उन्मूलन, भुखमरी दूर करना, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति करना, रोजगार सृजन, स्वास्थ्य, सबको शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध करवाना, लैंगिक समानता हासिल करना, जलवायु परिवर्तन एवं उसके प्रभावों से निपटने के लिए तात्कालिक कार्यवाही करना शामिल है। उन्होंने यह बताया कि पंचायतों को स्थानीय स्तर पर योजना निर्माण के दौरान यह ध्यान रखना होगा कि इन सभी लक्ष्यों को हासिल किया जा सके। प्रशिक्षक विमला मखलोगा ने कहा कि पंचायतों में महिला प्रतिनिधियों को बराबर की भागीदारी मिल रही है, जो महिलाओं को अपनी नेतृत्व क्षमता दिखाने के लिए स्वर्णिम अवसर है। महिलाओं को पंचायतों में भागीदारी से ग्रामीण सामाजिक ढांचे में भी परिवर्तन हुआ है। महिलाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ है। उन्होंने पंचायत स्तर पर बनने वाली योजनाओं में वार्ड सदस्यों और सभी ग्रामीणों के सुझाव लिए जाने जरूरी हैं। इस दौरान रागनी जोशी, सिकंदर सिंह, रविंद्र शर्मा, नीलम चौहान, मीरा देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *