बाहरी व्यक्ति का सत्यापन नहीं कराया तो होगी कार्रवाई
रुड़की
बाहर से आकर क्षेत्र में रह रहे लोगों का सत्यापन नहीं कराया तो मकान मालिकों, प्रतिष्ठान स्वामियों आदि के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस क्षेत्रधिकारी मंगलौर विवेक कुमार ने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि आगामी सामान्य निर्वाचन लोकसभा तथा मंगलौर विधानसभा के प्रस्तावित उपचुनाव को देखते हुए क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाई गई है। कहा कि सभी जागरूक नागरिकों का कर्तव्य बनता है कि वह पुलिस को सहयोग करें तथा कोई भी व्यक्ति यदि क्षेत्र में शांति भंग करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है उसकी सूचना भी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी के मकान, दुकान, खेत, फैक्ट्री में या अन्य किसी भी प्रकार से कोई बाहरी व्यक्ति रह रहा है तो उसका सत्यापन अवश्य करा लें। बाद में कोई भी व्यक्ति बिना सत्यापन के पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
